Politics
9 min read
Su-75 चेकमेट: रूस के नए लड़ाकू विमान की पहली उड़ान कब?
Navbharat Times
January 18, 2026•4 days ago
AI-Generated SummaryAuto-generated
रूस के नए पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान Su-75 चेकमेट की पहली उड़ान 2026 के अंत तक हो सकती है। यह MiG-29 का रिप्लेसमेंट होगा, जिसमें स्टील्थ तकनीक, शक्तिशाली रडार और बेहतर हथियार प्रणाली होगी। वैश्विक प्रतिबंधों और फंडिंग की कमी जैसी बाधाओं के बावजूद, भारत भी इसके विकास पर नजर रखे हुए है और भविष्य में खरीद की संभावना है।
मॉस्को: रूस ने अपने पांचवीं पीढ़ी के नए लड़ाकू विमान Su-75 चेकमेट की पहली उड़ान को लेकर बड़ा ऐलान किया है। यह विमान 20256 के अंत तक पहली उड़ान भर सकता है। इसे रूस के पुराने MiG-29 के रिप्लेसमेंट के तौर पर विकसित किया गया है। हालांकि Su-75 चेकमेट पुराने MiG-29 से कई मायनों में खास है। यह न सिर्फ स्टील्थ टेक्नोलॉजी से लैस है, बल्कि अधिक शक्तिशाली रडार, वेपन सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट और एंटी रेडिएशन मिसाइल को भी ले जा सकता है। Su-75 चेकमेट की स्पीड और रेंज भी MiG-29 की तुलना में अधिक होने वाली है।
Su-75 चेकमेट कब भरेगा पहली उड़ान
इजवेस्टिया के अनुसार, रूस 2026 के दौरान Su-75 चेकमेट लाइट स्टील्थ फाइटर की पहली उड़ान का लक्ष्य बना रहा है, हालांकि अभी तक कोई तारीख कन्फर्म नहीं हुई है। अगर यह कन्फर्म हो जाता है, तो यह 2021 में एक फुल-स्केल मॉक-अप के रूप में सार्वजनिक रूप से पेश होने के बाद यह पहली बार उड़ान भरेगा। इससे यह भी पता चल सकेगा कि क्या रूस वैश्विक प्रतिबंधों और औद्योगिक दबाव के बावजूद भी नया हल्का लड़ाकू विमान बना सकता है या नहीं।
Su-75 चेकमेट रूस का नया हवाई योद्धा
Su-75 चेकमेट को अगस्त 2021 में MAKS एयर शो में आधिकारिक तौर पर एक फुल-स्केल मॉक-अप के रूप में पेश किया गया था। इसे एक लाइट टैक्टिकल एयरक्राफ्ट के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य भारी भरकम Su-57 का पूरक बनना और रूसी वायुसेना में शामिल MiG-29 बेड़े को बदलना था। शुरू में Su-75 चेकमेट को शुरू में निर्यात के उद्देश्य से भी विकसित किया गया था। इसे उन देशों की वायुसेनाओं के लिए तैयार किया गया है, जो कम लागत वाले लड़ाकू विमान की तलाश कर रही हैं, जिसका रडार सिग्नेचर कम हो और उसमें आधुनिक एवियोनिक्स भी हों।
Su-75 चेकमेट के विकास में अड़चनें क्या हैं
रूस को Su-75 चेकमेट के विकास में कई अड़चनों का भी सामना करना पड़ा है। इस कारण इस लड़ाकू विमान को विकसित करने के लिए तय समय से अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। इसमें फंडिंग की कमी, व्यापक भू-राजनीतिक दबाव, रूस पर प्रतिबंध, यूक्रेन युद्ध अहम कारक हैं। Su-75 को कई दशकों में रूसी वायुसेना के लिए एक हल्के, सिंगल-इंजन टैक्टिकल फाइटर जेट के रूप में विकसित किया जा रहा है। ऐसे में रूसी इंजीनियरों को इसे विकसित करने में काफी मेहनत करनी पड़ रही है।
Su-75 चेकमेट पर भारत की नजर
भारत शुरू से ही Su-75 चेकमेट के विकास पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, रूस ने भारत को Su-57 लड़ाकू विमान भी ऑफर किया है। भारत ने अभी तक रूसी Su-57 के अधिग्रहण को लेकर कोई भी बयान नहीं दिया है। कई रिपोर्टों में ऐसा बताया गया है कि भारत Su-75 चेकमेट के पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद रूस से कुछ यूनिट की खरीद कर सकता है।
लेखक के बारे मेंप्रियेश मिश्रनवभारत टाइम्स डिजिटल में डिजिटल कंटेंट राइटर। पत्रकारिता में दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, अमर उजाला जैसी संस्थाओं के बाद टाइम्स इंटरनेट तक 5 साल का सफर जो इंदौर से शुरू होकर एनसीआर तक पहुंचा है पर दिल गौतम बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर और गोरक्षनाथ की धरती गोरखपुर में बसता है। देश-विदेश, अंतरराष्ट्रीय राजनीति/कूटनीति और रक्षा क्षेत्र में खास रुचि। डिजिटल माध्यम के नए प्रयोगों में दिलचस्पी के साथ सीखने की सतत इच्छा।... और पढ़ें
Rate this article
Login to rate this article
Comments
Please login to comment
No comments yet. Be the first to comment!
