Politics
7 min read
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज: दिल्ली में सीएम और नेताओं का जमावड़ा
Patrika News
January 20, 2026•2 days ago

AI-Generated SummaryAuto-generated
उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं, क्योंकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य प्रमुख भाजपा नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। विधायक मुख्यमंत्री से मिलकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। राज्य कैबिनेट में पांच पद खाली हैं, और माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री जल्द ही विस्तार पर निर्णय ले सकते हैं।
Speculations About Cabinet Expansion : सीएम सहित तमाम नेताओं के दिल्ली दौरे को देखते हुए राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। उत्तराखंड के विधायकों की दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकातों ने बीते अगस्त से चल रही, मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं को फिर हवा दे दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर मुख्यमंत्री के साथ ही सरकार-संगठन के अधिकांश बड़े नेता दिल्ली में डेरा हुए हैं। इस बीच, सोमवार को रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सल्ट विधायक महेश जीना और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बारी-बारी से मुख्यमंत्री से भेंट की। इन सभी ने सीएम के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया पेज पर इन मुलाकातों के फोटो अपलोड होते ही उत्तराखंड के सियासी माहौल में गरमी आ गई। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने बीते अगस्त में मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए थे। उसके बाद ये मामला बार-बार अटकता रहा। माना जा रहा है कि अब मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर निर्णय ले सकते हैं।
उत्तराखंड कैबिनेट में पांच सीटें लंबे समय से खाली चल रही हैं। हालांकि तीन पद वर्ष 2022 से रिक्त रखे गए थे। पर बाद में चंदनराम दास के निधन और प्रेमचंद्र अग्रवाल के इस्तीफे की वजह से रिक्त पदों की संख्या पांच हो गई। नियमानुसार राज्य में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट में अधिकतम 12 सदस्य हो सकते हैं। उधर, उत्तराखंड भाजपा के बड़े नेता सोमवार को भाजपा अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। इनमें मुख्यमंत्री धामी के साथ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, प्रदेश के काबीना मंत्री सतपाल महाराज, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, नैनीताल सांसद अजय भट्ट भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इनके साथ ही विधायक बंशीधर भगत, मदन कौशिक, बिशन सिंह चुफाल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत आदि शामिल हुए।
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और राजपुर विधायक खजानदास ने बताया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी की प्रदेश इकाई के तमाम बड़े नेता, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन में भागीदारी के लिए दिल्ली में हैं। सोमवार को सभी का फोकस उसी पर रहा। रही बात मंत्रिमंडल विस्तार की तो यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। जब उन्हें उचित लगेगा, वो शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार उचित निर्णय लेंगे। खजानदास ने कहा, प्रदेश सरकार जनसेवा में समर्पित होकर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा राज्य में विजय की हैट्रिक लगाते हुए इतिहास रचेगी।
Rate this article
Login to rate this article
Comments
Please login to comment
No comments yet. Be the first to comment!
